Top News

महाशिवरात्रि पर वैदिक मंत्रों के बीच शिवलिंग व नंदी की प्राण-प्रतिष्ठा

महाशिवरात्रि पर वैदिक मंत्रों के बीच शिवलिंग व नंदी की प्राण-प्रतिष्ठा

करहां (मऊ) : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव स्थित पुसड़ा चौहान बस्ती एवं देवसीपुर में नवनिर्मित शिव मंदिर में शिवलिंग एवं नंदी की स्थापना विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। पूरे दिन क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। पंडित विंध्याचल पांडेय, विघ्नेश पाण्डेय एवं मुकुंद पाठक के सान्निध्य में यज्ञ, पूजन-अर्चन और हवन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने दूध, दही, घी, मधु, गंगाजल और शक्कर से अभिषेक कर शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा की। इसके पश्चात नंदी की स्थापना और भव्य महाआरती सम्पन्न हुई।

अनुष्ठान में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए। ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा। पूरा क्षेत्र देर शाम तक भक्ति रस में डूबा रहा। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने देर रात तक सोहर गीत गाकर एवं नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव में चार चांद लगाए।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान रमेश चौहान, सुमन देवी, सतीश कुमार सिंह रहे। आयोजन को सफल बनाने में बृजभान चौहान, लालचंद चौहान, विजबिहारी चौहान, मनोज चौहान, राहुल चौहान, रोहित चौहान, मुसाफिर चौहान, संगीता देवी, अनीता, माधुरी, कुसुम, चांदनी, पुष्पा, सरिता सहित अनेक श्रद्धालुओं का सक्रिय योगदान रहा। महाशिवरात्रि के इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का विशेष माहौल बना।



Post a Comment

Previous Post Next Post