करहां बाजार जाम के शिकंजे में, हर शाम थम जाती है रफ्तार
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक की करहां बाजार में सड़कें इन दिनों बोझिल सांसें लेती नजर आ रही हैं। मंगलवार की शाम एक बार फिर बाजार क्षेत्र भीषण जाम की चपेट में आ गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। आए दिन लगने वाले जाम से व्यापारी, राहगीर और स्थानीय निवासी खासे परेशान हैं। हालत यह है कि बाजार में पैदल चलना तक दुश्वार हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की जड़ में पटरी और पार्किंग की स्थायी व्यवस्था का अभाव, बेतरतीब खड़े ऑटो व बस, जहानागंज मोड़ का संकरा रास्ता, ठेले-रेहड़ी और सड़क किनारे लगी पटरी दुकानों के सामने ग्राहकों द्वारा वाहन खड़ा कर खरीदारी करना प्रमुख कारण हैं। थोड़ी-सी भी भीड़ होते ही घंटों तक यातायात ठप हो जाता है। वैवाहिक लग्न के इस मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव, चिकित्सक डॉ. अनुराग सिंह, समाजसेवी विक्की वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि श्यामबिहारी जायसवाल, व्यापारी सद्दाम हाशमी, आफताब आलम गुड्डू, आशीष प्रताप सिंह, राहुल मद्धेशिया, भूपेंद्र पांडेय सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में करहां बाजार की स्थिति और विकराल हो सकती है। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने, समुचित पार्किंग की व्यवस्था करने और अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


Post a Comment