Top News

मेधावी बच्चों की राह में बाधा नहीं बनेगा संसाधन : विक्की वर्मा

मेधावी बच्चों की राह में बाधा नहीं बनेगा संसाधन : विक्की वर्मा

करहां, मऊ। विद्यालय केवल ईंट-पत्थर की संरचना नहीं, बल्कि वह सृजनस्थली है जहाँ से समाज और राष्ट्र का भविष्य आकार लेता है। यह विचार स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत गद्दोपुर करहां के एमजी सुपर-20 पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी व समाजसेवी विक्की वर्मा ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय वह उपवन है जहाँ से शिक्षक, वैज्ञानिक, कलाकार और नेतृत्वकर्ता निकलते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से मनोयोग से अध्ययन करने और अपनी रुचि व क्षमता के अनुरूप लक्ष्य तय करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी बच्चे में मेधा और प्रतिभा है तो धन कभी उसकी राह का रोड़ा नहीं बनेगा। क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ाने में उनके द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिस पर मुख्य अतिथि ने बच्चों की खुले मन से सराहना की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए प्रसिद्ध शिक्षक कुंवर अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर अपार संभावनाएं निहित होती हैं। अभिभावकों का दायित्व है कि वे बालक-बालिकाओं में किसी प्रकार का भेदभाव न करें और उनकी अभिरुचि के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर प्रदान करें। विद्यालय और सांस्कृतिक मंच ही उन क्षमताओं को उजागर करने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम में स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुमार गुप्ता ने किया, जबकि संचालन सुनील चौहान ने किया। इस अवसर पर नागेंद्र सिंह, अजय गुप्ता, संजय सिंह, राहुल मद्धेशिया, राणा सिंह, चंद्रशेखर मौर्य, अनुराग कुमार, राम कन्नौजिया, आनंद गुप्ता, आरिफ खां, अनिल भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, क्षेत्रीय लोग और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post