विधि-विधान से हुई मां दुर्गा व हनुमानजी की प्रतिमाओं की स्थापना
भजन-संध्या व भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार स्थित नवनिर्मित मंदिर में शनिवार सायंकाल वैदिक मंत्रोच्चार और गगनभेदी जयघोष के बीच मां दुर्गा एवं हनुमानजी की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की गई। वातावरण श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा।
प्रतिमा स्थापना के उपरांत आयोजित भजन-संध्या में भक्ति रस की अविरल धारा बही। भजनों की स्वर-लहरियों ने श्रोताओं को आत्मिक आनंद से भर दिया, तो ढोलक-हारमोनियम की संगत पर श्रद्धालु भाव-विभोर होते दिखे। इसके बाद हुए भंडारे में श्रद्धालु-भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा, जहां सभी ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
वैदिक ब्राह्मण घरभरन पांडेय ने मुख्य यजमान ज्ञानचंद जायसवाल के हाथों वैदिक रीति से स्थापना करवाया। साधु विजयदास ने बताया कि यह भवन फिर से बनाया गया है। इसलिए पुनः नवनिर्मित मंदिर के आकार के हिसाब से नवीन प्रतिमाओ की स्थापना की गई है। इस अवसर पर समाजसेवी विक्की वर्मा, गायक अरविंद सरोज, दीपक मद्धेशिया, अनिल भारद्वाज, भूपेंद्र पांडेय, चंद्रकांत मौर्य, प्रकाश कुमार, अरुण चौरसिया, हृदय पांडेय, राहुल कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।





Post a Comment