शैक्षिक भ्रमण में छात्रों ने जाना सूक्ष्मजीवों का वैज्ञानिक महत्व
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना व जिले के अन्य ब्लाकों के विभिन्न उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपने विज्ञान शिक्षकों के नेतृत्व में कुशमौर स्थित एनबीएआईएम एवं आईसीएआर का शैक्षिक भ्रमण किया। प्रातः बस द्वारा पहुंचे विद्यार्थियों का संस्थान परिसर में विधिवत स्वागत किया गया और उन्हें संस्थान की विधिवत जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान छात्रों को राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव ब्यूरो के सेमिनार हाल में ले जाया गया, जहां वैज्ञानिकों ने सूक्ष्मजीवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों से संवाद करते हुए विशेषज्ञों ने पूछा कि सूक्ष्मजीव क्या होते हैं, कितने प्रकार के होते हैं तथा कृषि में उनकी क्या भूमिका है। वैज्ञानिकों ने बताया कि सूक्ष्मजीव नग्न आंखों से दिखाई नहीं देते, किंतु मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, फसलों की पैदावार सुधारने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके बाद विद्यार्थियों को प्रयोगशाला एवं कृषि फार्म का भ्रमण कराया गया। वहां गेहूं, गन्ना, टमाटर आदि फसलों में सूक्ष्मजीवों के प्रयोग के परिणाम दिखाए गए। छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका वैज्ञानिकों ने सरल भाषा में उत्तर दिया। शिक्षकों ने बताया कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है तथा उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त होता है। विद्यार्थियों ने भी भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।


Post a Comment