Top News

जलजीवन मिशन का अधूरा प्रयास, आखिर कब बुझेगी स्वच्छ जल से प्यास

जलजीवन मिशन का अधूरा प्रयास, आखिर कब बुझेगी स्वच्छ जल से प्यास

•करहां व माहपुर को छोड़ क्षेत्र में सभी गांवो के कार्य अधर में

•पाईपलाईन से क्षत्रिग्रस्त रास्ते बन रहे फजीहत के कारण

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक स्थित करहां परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों में जलजीवन मिशन द्वारा हर घर में नल द्वारा स्वच्छ जल पहुचाने की मुहिम वर्षों से अधर में लटकी पड़ी है। कहीं टंकी बनी तो पंप नहीं, कहीं पंप बना तो टंकी नहीं। कहीं सोलर पैनल लगे तो कनेक्शन नहीं, कहीं ढांचा बना तो पाईपलाईन नहीं। कुल मिलाकर यह पूरी योजना फिलहाल फजीहत और लंबी प्रतीक्षा की कहानी कह रही हैं। कहीं चारदीवारी फट रही है तो कहीं टैंक के खंभे ही खड़े नहीं हुए।

केस नंबर-

हिंडोला बरसवां गांव में बोरिंग कर पंप हाउस का निर्माण हो गया है लेकिन टैंक के खंभों व सोलर पैनल का कार्य अधूरा है। टैंक का खुदा गड्ढा चार सालों से बच्चों व पशुओं के लिए खतरा बना हुआ  है। सोलर पैनल का ढांचा खर पतवार में ढक चुका है।

केस नंबर-2

शमशाबाद पानी टंकी हेतु चहारदीवारी बनाकर, बोरिंग करके पंप हाउस बना दिया गया है। सोलर पैनल भी लगा दिए गए हैं लेकिन टैंक के खंभों का निर्माण जमीन से ऊपर नहीं उठ सका। कोढ़ में खाज यह कि दक्षिण तरफ से चहारदीवारी दरकने लगी।

केस नंबर-3

नेवादा गांव में टैंक के खंभे, सोलर पैनल, पंप हाउस सब तैयार है लेकिन पानी का टैंक नहीं लगाया जा सका है। इसके अलावा कनेक्शन करके आपूर्ति शुरु करने का कार्य अधूरा पड़ा है।

केस नंबर-4

देवरिया, मालव, कमालपुर पहाड़पुर, तिलसवां, भांटीकला, भतड़ी, दपेहड़ी आदि अनेक गांवों का कार्य किसी न किसी अवस्था में अधर में लटका पड़ है। पाईपलाईन से खुदे रास्ते अलग ही आवागमन में परेशानी का कारण बने हुए हैं।


जलजीवन मिशन के कार्यों के लिए सामानों को लेकर लापरवाही चरम पर है। उसके पाइप व अन्य सामान जहां तहां सड़क किनारे, झाड़ियों आदि में लापरवाही पूर्वक रखे हुए मिल जाएंगे। इससे उक्त सामानों की चोरी और उन्हें क्षतिग्रस्त होने की संभावना सदैव बनी रहती है। आखिर इस बर्बादी का जिम्मेदार कौन माना जायेगा।


•हमारे गांव की पानी टंकी तीन साल से निर्माणाधीन है। इतने वर्षों के बाद अभी तक टैंक के खंभों का निर्माण ही शुरु नहीं हो पाया। इसके निर्माण में तकनीकि ग़लती के कारण चारदीवारियां अभी से फटने लगी हैं। इसके अलावा पंप हाउस का छत भी फटकर टपकने लगा है।

◆रामजीत यादव, शमशाबाद

•करहां व माहपुर की पानी टंकी चालू है लेकिन करहां पानी टंकी व पाईपलाईन की स्थिति बेहद जर्ज़र है। बीच-बीच मे विभिन्न कारणों से जलापूर्ति बाधित हो जाती है। माहपुर के गद्दोपुर मोहल्ले के विभिन्न घरों में ऊंचाई व कम प्रेशर के कारण पानी ही नहीं पहुंचता।

विक्की वर्मा, करहां

•हमारी ग्राम पंचायत में दो पानी टंकियां निर्माणाधीन हैं लेकिन एक का भी कार्य पूरा नहीं हुआ। यहां तक कि क़ई सामान बीच में चोरी भी हो गए। मालव, कमालपुर पहाड़पुर, पिटोखर, सद्दोपुर, भैंसहा आदि के लोग स्वच्छ जल की आस में दिन गिन रहे हैं।

संजय तिवारी, मालव

•हमारे गांव में जलजीवन मिशन की टंकी का कार्य निर्माणाधीन है। जिले का आखिरी व सुदूर गांव होने के नाते स्वच्छ की आस सभी ग्रामीण लगाए हुए हैं। कार्य निर्माण में हो रही लेटलतीफी समझ से परे है।

सतीश कुमार, तिलसवां

 जलजीवन मिशन के सहायक अभियंता के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में 48 टंकियों का कार्य केएलएसआर कंपनी द्वारा तो 27 टंकियों का निर्माण कार्य एलसी इंफ्रा कंपनी द्वारा किया जा रहा हैम इसमें 7-8 टंकियां पूर्ण हो चुकी हैं। शेष में अधिकांश का कार्य 90 प्रतिशत तक हो चुका है। आशा है अगले दो-तीन माह में कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।



Post a Comment

Previous Post Next Post