अचेत अवस्था में मिली अज्ञात महिला, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के मोहम्मदाबाद कैलेंडर रौजा के समीप एक अज्ञात महिला के अर्ध बेहोशी की हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने सड़क किनारे महिला को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। इसके बाद मानवता दिखाते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद गोहना पहुंचाया गया।
प्राथमिक जांच के दौरान महिला की हालत गंभीर पाई गई, जिस पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया। वर्तमान में महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और चिकित्सकीय टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जानकारी के अनुसार महिला की आयु लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वह अभी अर्ध बेहोशी की अवस्था में है और अपनी पहचान बताने में असमर्थ है।
प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति महिला को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो तत्काल जिला अस्पताल मऊ या थाना मोहम्मदाबाद गोहना से संपर्क करें, ताकि महिला की शिनाख्त कर उसे उसके परिजनों से मिलाया जा सके। पुलिस द्वारा पहचान सुनिश्चित कराने के प्रयास जारी हैं।



Post a Comment