Top News

स्कूली बस की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, स्पीड ब्रेकर न होने पर उठे सवाल

स्कूली बस की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, स्पीड ब्रेकर न होने पर उठे सवाल

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक स्कूली बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवक व एक युवती गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहराबपुर गांव निवासी सपना अपने रिश्तेदार दिल्ली निवासी राहुल तथा चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सेंचुई बेलभद्र निवासी मोनू के साथ बाइक से सोहराबपुर जा रही थीं। इसी दौरान सीएचसी के पास पीछे से आ रही एक स्कूली बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में तीनों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा तहसील क्षेत्र के दुर्घटना-प्रवण स्थलों पर स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अत्यंत व्यस्त मार्ग पर स्थित सीएचसी के समीप अब तक न तो स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं और न ही चेतावनी संकेतक। परिणामस्वरुप यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे की ओर से आने वाले वाहनों को सीएचसी में प्रवेश के लिए दाहिनी ओर मुड़ना पड़ता है, ऐसे में स्पीड ब्रेकर न होने से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। मोनू भारती, डा. संतोष यादव, अनमोल साहू, जगदीश प्रसाद गुप्ता, मोनू कुमार, पंकज सिंह, इम्दादुल्लाह अंसारी सहित अन्य लोगों ने इस स्थान पर अविलंब स्पीड ब्रेकर व संकेतक लगाए जाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post