नगरीपार की रसोइया ने स्वाद से पाया पहला सम्मान
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। जब हुनर में लगन घुल जाए और परिश्रम में प्रेम की सुगंध बस जाए, तब साधारण हाथ भी असाधारण कमाल कर जाते हैं। ऐसा ही दृश्य जनपद स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता में देखने को मिला, जहाँ प्राथमिक विद्यालय नगरीपार की रसोइया लक्खी देवी ने अपने स्वाद और सादगी से सबका दिल जीत लिया और पहले पुरस्कार पर कब्जा जमाया।
मंगलवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद भर से आए 30 प्रतिभागियों के बीच मुकाबला था, पर लक्खी देवी के व्यंजनों में जैसे मिट्टी की महक, मेहनत की मिठास और आत्मविश्वास का तड़का था। उनके हाथों का स्वाद निर्णायकों के मन तक उतर गया और वे प्रथम स्थान पर आसीन हुईं। इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे विकास खंड को गौरव से भर दिया।
सम्मान के उस क्षण में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उन्हें प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न और 3500 रुपये की नगद राशि प्रदान कर अभिनंदित किया। खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी, प्रधानाध्यापक स्वतंत्र कुमार सिंह तथा विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने हर्ष और गर्व के साथ उन्हें बधाइयाँ दीं। नगरीपार की इस रसोइया ने साबित कर दिया कि स्वाद सिर्फ व्यंजन में नहीं होता, वह मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास में भी बसता है।



Post a Comment