सड़क दुर्घटना में मुख्य आरक्षी की मौत से परिजनों में कोहराम
•होली की खुशियां मातम में तब्दील
•प्रयागराज में तैनात त्रिभुवन प्रसाद फतेहपुर में हुए घायल
•विधवा पत्नी, चार बेटियां एवं एक पुत्र हुए अनाथ
करहां (मऊ) : होली के त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी, प्रयागराज में तैनात मुख्य आरक्षी त्रिभुवन प्रसाद उम्र 54 वर्ष का सड़क दुर्घटना में रविवार रात निधन हो गया। अन्त्य परीक्षण के बाद सोमवार रात शव उनके जमुई स्थित पैतृक गांव पहुंचने पर स्वजन में कोहराम मच गया। स्वजन की चीख-पुकार व करुण क्रंदन के मध्य उन्हें पुलिस दस्ते ने सलामी दी और देर रात धौरहरा घाट तमसा तट पर पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के जमुई गांव निवासी त्रिभुवन प्रसाद 19 मार्च 1997 को पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। वह 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी के ई-दल में नियुक्त थे तथा 13 नवंबर 2016 से डायल 112 फतेहपुर में संबद्ध चल रहे थे। नैनी से आए उपनिरीक्षक बृजेश यादव एवं मृतक के भाई छविलाल भारती ने बताया कि 1 मार्च 2026 दिन रविवार की रात लगभग आठ बजे ड्यूटी पर जाते समय असोथर थाना क्षेत्र जिला फतेहपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गंभीर रुप से घायल होने पर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल फतेहपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें स्वरुप रानी नेहरु चिकित्सालय, प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना 2 मार्च को प्रातः 4:36 बजे प्रभारी निरीक्षक डायल 112 द्वारा वाहिनी कंट्रोल रुम को दी गई, जिसके बाद दूरभाष से परिजनों को अवगत कराया गया। सोमवार रात करीब 8:30 बजे जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक निवास जमुई गांव लाया गया तो पहले से मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों के बीच स्वजन में कोहराम मच गया। पत्नी तारा देवी, पुत्रियां प्रियंका (23), मोनिका (21), अनामिका (19), अंशिका (17) तथा पुत्र अंश कुमार (14) का रो-रोकर बुरा हाल था। उनसे छोटे अन्य चार भाईयों के परिवार के करुण रुदन से वातावरण अत्यंत गमगीन हो उठा और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
प्रयागराज से आए उपनिरीक्षक बृजेश यादव व मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के उपनिरीक्षक अनिल सिंह की अगुवाई में पुलिस दस्ते ने पार्थिव शरीर को सलामी दी तथा मातमी धुन बजाई। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मशांति के लिए प्रार्थना की। देर रात मुहम्मदाबाद गोहना के तमसा तट स्थित अतरारी धौरहरा घाट पर पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से पुलिस विभाग एवं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
देर रात होने के बावजूद भी सपा के वरिष्ठ नेता डा. सोचन भारती, जिला पंचायत सदस्य सुरहुरपुर रामदरश यादव, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी महेंद्र यादव व रवि पासी, प्रबंधक रवि सिंह व आरिफ खां, ग्राम प्रधान अशोक कुमार गुड्डू, लालचंद राम, चंदन राव, मोनू कुमार सहित सैकड़ों क्षेत्रीय लोंगो ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किया।







Post a Comment