Top News

रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच सजा वार्षिकोत्सव, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच सजा वार्षिकोत्सव, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं शैक्षिक संगोष्ठी उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जहां माहौल को जीवंत बना दिया, वहीं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उनके स्वागत में छात्र-छात्राओं ने बैंड की धुनों और पुष्पवर्षा से समारोह को भव्यता प्रदान की। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, डांडिया-गरबा, योग प्रदर्शन, देशभक्ति नृत्य तथा “मोबाइल बुरी बला” जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

शैक्षणिक उपलब्धियों में कक्षा 6, 7 एवं 8 के क्रमशः दिव्यांशु मौर्य, पिहू शर्मा और अंशु मौर्या को सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों गौरी, अंकिता, शालिनी, रंजना, शिवांश और वीरवंत को भी पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा में सफल अंशु, विपुल, अंकिता, प्रियांशु एवं शनि राजभर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने पर बल देते हुए अभिभावकों से परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष शशिभूषण राय, एसआरजी संजय कुमार तिवारी एवं एआरपी पवन कुमार गुप्ता ने भी बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में चंद्रभूषण सिंह, इंद्रजीत मौर्य, रामप्रवेश सिंह, सर्वेश तिवारी, ओपी सिंह, अखिलेश मौर्य, अमर सिंह, रामसहाय, बृजभूषण गौतम, शशि प्रताप तोमर, ओपी सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post