सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता कहर, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत, पति घायल
करहां (मऊ) : अभी शनिवार अलसुबह जिले के दोहरीघाट क्षेत्र में ट्रेलर व स्कॉर्पियो की टक्कर से हुई पांच मौतों से जनपद स्तब्ध ही था कि दिन चढ़ते ही 10 बजे के करीब मुहम्मदाबाद में ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से महिला की मौत ने झलझोर दिया। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से जिला बेहाल होता जा रहा है।
बतादें कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की जान चली गई, जबकि उसका पति गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना कैलेंडर तिराहा के पास आलम होंडा एजेंसी के समीप हुई। मिली जानकारी के अनुसार जहानियापुर गांव निवासी राम रतन चौहान अपनी पत्नी प्रमिला देवी (45) को बाइक से दवा दिलाने ले जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वे कैलेंडर तिराहा के पास पहुंचे, पीछे से आ रही मिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रैक्टर का पहिया प्रमिला देवी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में राम रतन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरु कर दी है और मामले की जांच जारी है।





Post a Comment