मौत का मंजर, स्कॉर्पियो व ट्रेलर की टक्कर में 5 की मौत, शादी से लौट रहा था परिवार
करहां (मऊ) : जनपद के थाना दोहरीघाट क्षेत्र अंतर्गत बरसातपुर अहिरानी हाईवे पर शनिवार अलसुबह करीब 3 भोर में भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो के दूसरी लेन में पहुंचने से सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पालतू कुत्ता भी नहीं बच सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर पहुंची दोहरीघाट पुलिस ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ भेज दिया।
मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), कृतार्थ श्रीवास्तव (27), अर्चना श्रीवास्तव (48) निवासी ग्राम रानीडीहा थाना खोराबार जनपद गोरखपुर तथा रविन्द्र यादव (20) व पुरुषोत्तम कुमार (28) निवासी मटीहानि थाना मोहनपुर जिला गया (बिहार) के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार रांची में अपनी पुत्री की शादी संपन्न कर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।




Post a Comment