Top News

संस्कार, संस्कृति और सृजन के रंगों से सजा कलायन का मंच

संस्कार, संस्कृति और सृजन के रंगों से सजा कलायन का मंच

•बीएसआरके ग्रुप आफ इंस्टिट्यूट का धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव

•गणमान्य अतिथियों संग मेधावी व टापर्स विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अंतर्गत रामनगर ख़ालिसा स्थित बीएसआरके ग्रुप आफ इंस्टिट्यूट का वार्षिकोत्सव 'कलायन' शनिवार को देर शाम रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस महोत्सव में संस्कार, संस्कृति और सृजन का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में दर्जनों गणमान्य आगत अतिथियों सहित विद्यालय के टापर्स व मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वय राजकीय आईटीआई मऊ के प्राचार्य अरुण कुमार यादव व मुहम्मदाबाद गोहना के खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने सरस्वती माता के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, सरस्वती वंदना व स्वागत नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से मन मोह लिया। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में नन्हे-मुन्ने बच्चों का समूह नृत्य, स्वच्छ भारत अभियान, अघोरी नृत्य, मातृ-पितृ भक्ति नृत्य नाटिका, भारत उत्सव, वाद-विवाद प्रतियोगिता, ओल्ड इज गोल्ड नदिया के पार, कजरी, घूमर, राजस्थानी व पंजाबी लोकनृत्य सहित देशभक्ति पिरामिड नृत्य ने शमां बांध दिया।

मुख्य अतिथि अरुण कुमार यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम भारत की संस्कृति को अपने आप में समेटे हुए एक अद्भुत कार्यक्रम रहा, जिसे छोड़कर जाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने पुरस्कृत मेधावी छात्र-छात्राओं को अग्रिम भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मेहनत व अनुशासन से आगे बढ़ने की सीख प्रदान की। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि इन बच्चों के अंदर अपार क्षमता छुपी हुई है, जिसे शिक्षक व सांस्कृतिक मंच आगे आने का एक मौका देते हैं। हमें बच्चों के अंदर की इन्ही प्रतिभाओं को निखारकर उनके व्यक्तित्व विकास एवं प्रगति के मार्ग में सहायक बनना होगा।

कालेज के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने दर्जनों आगत गणमान्य अतिथियों को बैज, माला-फूल, बुके, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया। साथ ही हाईस्कूल सीबीएसई बोर्ड के हाल ही घोषित परीक्षा परिणामों में जिले में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा दिव्या सिंह सहित वार्षिक गृह परीक्षा के टापर्स विद्यार्थियों को अभिभावक समेत मेडल, ट्राफी व प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया।

सीबीएसई बोर्ड के प्रधानाचार्य शबीब रिजवी ने विद्यालय की रुपरेखा रखी। कुशल मंच संचालन अभय तिवारी, आर्यन राय व स्वाति सिंह ने तो धन्यवाद ज्ञापन प्रवीण राय ने किया। इस अवसर पर जिला प्रचारक आर्यमजी, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह व प्रदीप कुमार उर्फ राजू राय, बब्बन यादव, जनार्दन राय एडवोकेट, जयप्रकाश पाल, इशदत्त सिंह, रजनीश राय, सुनील यादव, सूरज सिंह, रामभजन यादव, प्रियंका कुमारी, एटीएम मोहराना, कैलाश यादव, मृत्युंजय, पवन कुमार, राहुल राय सहित सैकड़ों विद्यार्थी, अभिभावक व क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post