Top News

उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव के वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव के वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

•पठन-पाठन व पाठ्य सहगामी क्रियाओं के संवर्धन के लिए विभाग संकल्पित : बीईओ ओ.पी. तिवारी

•उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव के टापरों को किया गया पुरस्कृत

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव में मंगलवार को भव्य वार्षिकोत्सव एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इसमें बच्चों ने जहां विभिन्न सांस्कृतिक एवं संदेशपरक प्रस्तुतियों से मन मोह लिया, वहीं वार्षिक परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

इसके पूर्व मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के विद्यालय में पहुंचने पर बच्चों ने बैंड से अगवानी की एवं पुष्प छिड़कर उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, मेहंदी, रंगोली, योगा, मोबाइल बुरी बला, डांडिया, शिक्षा गीत, देशभक्ति नृत्य, गरबा, स्वच्छता अभियान, भारत की बेटी आदि की शानदार प्रस्तुतियों से शमां बांध दिया। 

कक्षा-6, 7 व 8 के क्रमशः दिव्यांशु मौर्य, पिहू शर्मा व अंशु मौर्या को वार्षिक परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने पर ट्राफी, मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। साथ ही द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा में उत्तीर्ण अंशु, विपुल, अंकिता, प्रियांशु व शनि राजभर को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभाग पठन-पाठन के साथ अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाओं के संवर्धन के लिए अनेक योजनाओं के माध्यम से प्रयासरत है। आवश्यकता है कि अभिभावक परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का अधिक से अधिक प्रवेश दिलाएं।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रुप में शिक्षक संघ के निवर्तमान अध्यक्ष शशिभूषण राय, एसआरजी संजय कुमार तिवारी, एआरपी पवन कुमार गुप्ता ने भी बच्चों को सम्बोधित कर उनके कार्यक्रम की सराहना की। संचालन प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने तो धन्यवाद ज्ञापन उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने किया।

इस अवसर पर चंद्रभूषण सिंह, इंद्रजीत मौर्य, रामप्रवेश सिंह, सर्वेश तिवारी, अखिलेश मौर्य, अमर सिंह, रामसहाय, बृजभूषण गौतम, शशि प्रताप तोमर, सूर्यप्रताप सहित सैकड़ों बच्चे, अभिभावक व क्षेत्रीय गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post