देश के टाप आईआईटी कालेज में दाखिल लेना चाहता है इंटरमीडिएट का जिला टापर
करहां (मऊ) : माध्यमिक शिक्षा परिषद के इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर ख़ालिसा के छात्र ओमजी राय ने जिले में पहला स्थान प्राप्त कर परचम लहराया है। वे लखनऊ में रहकर जेईई मेंस की तैयारी कर रहे हैं और देश के टाप आईआईटी कालेज में दाखिला लेकर कुशल इंजीनियर बनना चाहते हैं।
ख़ालिसा गांव के ही तीन बार के प्रधान और प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष रह चुके समाजसेवी स्व. पिता सुनील कुमार राय उर्फ़ गिल्लू राय के वे बेटे हैं। माता शशिमा राय गृहणी हैं। उनकी दो बड़ी बहने शिवांगी राय और श्रेया राय क्रमशः नीट और नर्सिंग की तैयारी कर रही हैं। दोनो बहनें भी अपने समय में जिले की टापरों की सूची में स्थान बना चुकी हैं।
अजीत एक्सप्रेस से दूरभाष से बातचीत के क्रम में ओमजी राय ने बताया कि वे 9 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे। पढ़ाई के अलावा वे बैडमिंटन खेलने के शौकीन हैं। उन्होंने अपने प्रबंधक चाचा प्रवीण कुमार राय, प्रधानाचार्य रजनीश राय सहित गणित विज्ञान व अंग्रेजी के अध्यापकों को इसके लिए धन्यवाद कहा है। बताया कि आगे उनकी मेहमत करने की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है।



Post a Comment