करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट व जहानगंज मार्ग पर बसे स्थानीय करहां बाजार में लागातार मंगलवार एवं बुधवार को पूर्वाह्न व दोपहर को भीषण जाम लग गया। करीब 43 डिग्री सेल्सियस तापमान और तेज धूप के बीच सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से स्थिति और भी विकट हो गई। स्थानीय लोगों ने आएदिन की इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
बता दें कि जाम में फंसे लोगों को चिलचिलाती गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीर और वाहन चालक पसीने से तर-बतर नजर आए, वहीं कई लोग गर्मी से बचने के लिए छांव की तलाश करते दिखे। आवागमन बाधित होने से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस रास्ते चिरैयाकोट, जहानागंज व मुहम्मदाबाद गोहना जा रहे राहगीर भी इस जाम में फंसे हुए देखे गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में अव्यवस्थित पार्किंग, संकरा चौराहा और बढ़ती भीड़ के चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और भीषण गर्मी में यह समस्या और गंभीर तथा परेशानीयुक्त हो जाती है। प्रशासन के लिए इस तपती गर्मी में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना चुनौती बना हुआ है।
व्यापार मंडल और औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव, राहुल मद्धेशिया, आशीष प्रताप सिंह, सद्दाम हाशमी, विजय सिंह गब्बर, डाक्टर आफ़ताब अहमद, विक्की वर्मा, अजय यादव, संजीव जायसवाल, भूपेंद्र कुमार पांडेय आदि ने बाजार को आएदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की है।


Post a Comment