औषधि विक्रेताओं ने बंद रखी दुकानें, बैठक कर आनलाइन बिक्री पर जताई चिंता

औषधि विक्रेताओं ने बंद रखी दुकानें, बैठक कर आनलाइन बिक्री पर जताई चिंता

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में मंगलवार को औषधि विक्रेता जनकल्याण समिति की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विष्णुकांत श्रीवास्तव ने की, जिसमें दुकानें बंद रखकर दवा व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई एवं आनलाईन बिक्री समेत अनेक बिंदुओं पर शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।

बैठक में आनलाइन दवाओं की बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि इससे स्थानीय दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है। साथ ही कंप्यूटर के माध्यम से किए जा रहे फर्जी मेडिकल कार्यों पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। विष्णुकांत श्रीवास्तव ने नकली दवाओं के कारोबार पर सख्त कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता बताई। साथ ही कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के दवा व्यवसायियों को पेंशन दी जाय। बैठक में यह भी कहा गया कि कई स्थानों पर पूरी तरह प्रशिक्षित और योग्य व्यक्तियों की जगह अन्य लोगों द्वारा मेडिकल संचालन किया जा रहा है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसके अलावा आनलाइन फर्जी डाक्टरों पर कार्रवाई की मांग की गई।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 1948 एक्ट के तहत दवा व्यवसायियों को साप्ताहिक अवकाश नहीं मिल पा रहा है, जिसमें आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की गई। बैठक में दवा व्यवसाय से जुड़े लोगों ने एकजुट होकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। इस अवसर पर मंत्री बृजेश सिंह, उपाध्यक्ष एखलाख अहमद व श्यामलाल, कोषाध्यक्ष धनंजय कुमार भारद्वाज, संगठन मंत्री पप्पू चौहान सहित बृजेश यादव, रामप्रकाश चौहान, नूरे आलम, अजय यादव, जयराम गुप्त, अफजाल अहमद आदि उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post