मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से टूटा विद्युत पोल, दो दर्जन घरों की बिजली गुल
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सद्धोपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में मंगलवार पूर्वाह्न मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से विद्युत पोल टूट गया, जिससे लगभग दो दर्जन घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से घनी आबादी वाले मार्ग से मिट्टी की ढुलाई की जा रही है, जिससे धूल और भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी हो रही है। मंगलवार करीब 11 बजे डंपर चालक ने वाहन पीछे करते समय लापरवाही बरती और विद्युत पोल से टकरा गया। पोल टूटकर सड़क किनारे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों ने आबादी वाले मार्ग से मिट्टी ढुलाई बंद कराने और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की है। इस संबंध में जमुई करहां विद्युत उपकेंद्र 33/11 के अवर अभियंता छोटेलाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मी मरम्मत कार्य में जुटे हैं। नया पोल लगाकर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।

Post a Comment