ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में गरजे मेडिकल संचालक
करहाँ व मुहम्मदाबाद में बंद रहीं दवा दुकानें
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। ऑनलाइन दवा बिक्री और फर्जी मेडिकल गतिविधियों के विरोध में मंगलवार को करहां बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में औषधि विक्रेता जनकल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विष्णुकांत श्रीवास्तव ने की। इस दौरान क्षेत्र की मेडिकल दुकानें बंद रखकर दवा व्यवसायियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से स्थानीय दवा कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। छोटे मेडिकल संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही कंप्यूटर आधारित कथित फर्जी मेडिकल संचालन पर सख्त रोक लगाने की मांग की गई।
अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव ने नकली दवाओं के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु के दवा व्यवसायियों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई।
बैठक में यह भी मुद्दा उठा कि कई मेडिकल स्टोर प्रशिक्षित और योग्य व्यक्तियों के बजाय अन्य लोगों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से सक्रिय फर्जी चिकित्सकों पर कार्रवाई तथा वर्ष 1948 के अधिनियम के तहत दवा व्यवसायियों के लिए साप्ताहिक अवकाश लागू करने की मांग की गई।


Post a Comment