गुरादरी धाम में बच्चों के झाड़ू ने जगाई चेतना, स्वच्छता का दिया अनोखा संदेश

गुरादरी धाम में बच्चों के  झाड़ू ने जगाई चेतना, स्वच्छता का दिया अनोखा संदेश

करहां (मऊ) :  करहां क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गुरादरी धाम मठ परिसर में बुधवार को स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने मिलकर मठ परिसर व पाताल गंगा सरोवर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी, कृषि उप निदेशक एवं विद्यालय के प्रबंधक हरिनारायण सिंह तथा प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत हुई। विद्यार्थियों ने हाथों में झाड़ू लेकर मठ परिसर की सफाई की और सरोवर में जमा कचरे को बाहर निकाला। साथ ही गर्मी और प्रदूषण से प्रभावित हो रही मछलियों के संरक्षण के लिए भी आवश्यक प्रयास किए गए। पूरे परिसर की सफाई के बाद सभी ने बाबा घनश्याम साहब के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना और आरती की।

हरिनारायण सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी नहीं बल्कि व्यक्ति के विचारों और जीवनशैली का भी हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि गुरादरी पोखरे में मछलियों के मरने संबंधी प्रकाशित खबर से वे चिंतित हुए थे, जिसके बाद बच्चों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बच्चों की यह पहल समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगी। इस दौरान अशोक पांडेय, शिवनाथ यादव, देवदत्त कुमार, संतोष चौहान, विशाल सिंह, रानी राजभर, शिया सिंह, विजेंद्र सिंह, वैष्णवी पांडेय, राकेश कुमार, नीलम सिंह, दीक्षा सिंह सहित दर्जनों बच्चे मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post