देवलास में गूंजेगा महाराणा प्रताप का यशगान, 486वीं जयंती पर होगा भव्य समारोह
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के प्रख्यात ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के केंद्र देवलाश्रम, देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्मारक परिसर में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती तिथि अनुसाए धूमधाम से मनाई जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन महाराणा प्रताप सांस्कृतिक एवं सामाजिक नवचेतना संस्थान तथा सिसोदिया परिवार के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री एवं मऊ जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भदीड़ गांव निवासी आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया ने बताया कि समारोह में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर वीर योद्धा महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।





Post a Comment