Top News

मामूली विवाद में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, जिला अस्पताल रेफर

मामूली विवाद में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, जिला अस्पताल रेफर

करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के भतड़ी गांव में शुक्रवार शाम मामूली विवाद को लेकर आनंद कुमार सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

-------------------------------------------------------------

शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने का आरोप, युवक पर केस दर्ज

 करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासिनी महिला की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में गुरुवार को एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि रानीपुर थाना क्षेत्र के नगपुर गांव निवासी अभिषेक 21 मई को महिला की 17 वर्षीय पुत्री को विवाह का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया। पीड़िता की मां ने आशंका जताई है कि आरोपी उसकी बेटी को नुकसान पहुंचा सकता है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश और आवश्यक जांच की जा रही है।

---------------------------------------------------------------------

रास्ते में घेरकर मारपीट करने के आरोप में दस नामजद

 करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में मारपीट के एक मामले में पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित अंगद शर्मा की तहरीर के अनुसार 16 मई की शाम ढोलना चट्टी के समीप आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने सतीश शर्मा, राज, युवराज, आनंद, मनोज, हरिनाथ, खुशी, शिमला, गीता और नीलेश के विरुद्ध मारपीट व जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।

------------------------------------–------------------------------

अवैध शराब व ताड़ी के साथ दो गिरफ्तार

 करहां (मऊ) : अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित झोपड़ी के पास छापेमारी कर कबीराबाद मोहल्ला निवासी त्रिलोकी राजभर को 19 पाउच अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश गौतम ने मडहा पुल के पास से मोहद्दीपुर निवासी विमलेश कुमार को 10 लीटर ताड़ी के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों का चालान कर दिया गया। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

-------------------------------------------------–-----------------

60 पेड़ काटने और जड़ जलाने के प्रयास में चार पर मुकदमा

 वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के इटौरा चौबेपुर गांव में सरकारी भूमि पर लगे लगभग 60 पेड़ों को काटकर बेचने तथा साक्ष्य मिटाने के लिए उनकी जड़ों में पेट्रोल डालकर जलाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।

इटौरा चौबेपुर निवासी मृत्युञ्जय चौबे की शिकायत एवं न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शशिभूषण, हरिशंकर, हिमेश और सर्वेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि सरकारी भूमि पर लगे पेड़ों को काटने के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से जड़ों में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की सूचना वन विभाग, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी और जिलाधिकारी को भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पुलिस ने अब इस मामले प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post