तमसा पुल पर बैरियर लगाने के प्रस्ताव पर परिवर्तन की मांग
•कैलेंडर तिराहे की जगह रौजा मखदूम पर बैरियर लगाने की मांग
•नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना की विविध समस्याओं का दिया हवाला
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना को घोसी से जोड़ने वाले तमसा नदी स्थित पुल पर भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने के लिए लोक निर्माण विभाग एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा कैलेंडर के पास अस्थायी बैरियर लगाए जाने की सूचना पर शुक्रवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता लालजी वर्मा तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड ने विभिन्न व्यापारियों संग बैरियर लगाए जाने के प्रस्तावित स्थान पर आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि यदि कैलेंडर के पास बैरियर लगाया जाता है तो नगरवासियों को अनेक व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आग लगने जैसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहनों के आवागमन, स्कूली वाहनों के संचालन तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक माल पहुंचाने में गंभीर दिक्कतें उत्पन्न होंगी। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बैरियर कैलेंडर के बजाय रौजा मखदूम तिराहे के पास स्थापित किया जाए, जिससे पुल की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके और नगरवासियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि पुल की सुरक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ-साथ नगर के व्यापार, शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं के सुचारु संचालन का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जेई व पुलिस प्रशासन ने उक्त समस्याओं को ध्यान में रखते नए बातचीत कर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।


Post a Comment