'सरकार आपके द्वार' शिविर में योजनाओं की जानकारी व स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
करहां (मऊ) : केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड परिसर मुहम्मदाबाद गोहना में सोमवार को 'सरकार आपके द्वार' कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का दूसरा दिन रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने फीता काटकर किया।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, मनरेगा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पिछड़ा वर्ग कल्याण, मिशन शक्ति, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम तथा पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों की समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष ने चार पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।
स्वास्थ्य मेले में 43 लोगों का निश्शुल्क उपचार कर दवाएं वितरित की गईं, जबकि सात लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। विकासखंड की सभी 83 ग्राम पंचायतों की आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया। सीएचसी अधीक्षक डा. रामबदन राजभर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे दिन सेवाएं प्रदान करती रही।
इस अवसर पर भाजपा नेता ठाकुर प्रसाद सिंह, करहां भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओंकार सिंह, राहुल सिंह, आदित्य सिंह, एडीओ पंचायत आदित्य सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





Post a Comment