'एक पेड़ मां के नाम-3' अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में हुआ व्यापक पौधरोपण
करहां (मऊ) : उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद पौधरोपण अभियान 'एक पेड़ मां के नाम-3' का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री द्वारा गोरखपुर से किए जाने के साथ ही विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना के करहां क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय टंडवा चौबेपुर में प्रधानाध्यापक हरिलाल यादव एवं नोडल शिक्षक संकुल न्याय पंचायत करहां के नेतृत्व में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा ग्रामीणों की सहभागिता से रिकार्ड 216 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में सभी ने अभियान की थीम के अनुरुप पौधे अपनी माताओं को समर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर धरती को हरा-भरा एवं प्रदूषणमुक्त बनाने का संदेश दिया।
इससे पूर्व एसआरजी द्वारा न्याय पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय कबीराबाद में भी पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक ललित कुमार तिवारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। एसआरजी ने अभियान की सफलता का श्रेय खंड शिक्षा अधिकारी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन को दिया।
रविवार को कंपोजिट विद्यालय टंडवा चौबेपुर, माहपुर, प्राथमिक विद्यालय मालव, करहां, नगरीपार, सौसरवां, शमशाबाद सहित क्षेत्र के अनेक परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


Post a Comment