जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण सड़कें हुईं बदहाल
करहां (मऊ) : बरसात शुरु होने के साथ ही क्षेत्र की कई ग्रामीण सड़कें जलभराव और कीचड़ की चपेट में आ गई हैं। बरसात से पहले मरम्मत नहीं होने के कारण करहां-घुटमा मार्ग, गद्दोपुर-शमशाबाद मार्ग, शमशाबाद-भांटीकला अंडरपास मार्ग तथा सद्दोपुर-घरोहिया मार्ग पर आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जनहित में इन सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
बारिश शुरु होते ही बढ़े विद्युत फाल्ट, उपभोक्ता परेशान
करहां (मऊ) : मानसून की बारिश शुरु होते ही करहां परिक्षेत्र में विद्युत फाल्ट की समस्या बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच जगह-जगह फाल्ट आने और उसकी मरम्मत के लिए बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। इससे धान की रोपाई में जुटे किसानों के साथ ही उमस से परेशान आम लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विद्युत विभाग के कर्मचारी बारिश और रात-दिन की परवाह किए बिना फाल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं।
आरआरसी सेंटर खाली, गांवों में जगह-जगह कूड़े के ढेर
करहां (मऊ) : गावों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से बनाए गए आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) अपेक्षित उपयोग में नहीं आ रहे हैं। अधिकांश स्थानों पर सफाईकर्मी और कूड़ा उठाने के वाहन उपलब्ध होने के बावजूद आरआरसी सेंटर खाली पड़े हैं, जबकि गांवों की गलियों और सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बरसात के मौसम में इनसे उठने वाली दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
अतिक्रमण से करहां बाजार में रोज लग रहा जाम
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों, व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। जासं


Post a Comment