Top News

83 ग्राम पंचायतों के लिए पौध उठान पूरा, 1.45 लाख पौधों का होगा वृहद पौधरोपण

83 ग्राम पंचायतों के लिए पौध उठान पूरा, 1.45 लाख पौधों का होगा वृहद पौधरोपण

करहां (मऊ) : विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना में वृहद पौधरोपण अभियान-2026 की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार को पौधों के उठान का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही अब रविवार, 12 जुलाई को विकासखंड की सभी 83 ग्राम पंचायतों में एक साथ 1.45 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।

शनिवार को भातकोल, मोहिउद्दीनपुर, भाटपारा, नसोपुर, खालीसा, मड़हापट्टी मालव, देवरिया खुर्द, सौसरवा, हिंडोला, टेकई, राजापुर, तिलसवा, ओटनी, चकजाफरी, कोठिया, बारा, मकरी, भदीड़, भदवा, सहुवारी, सरकंडा तथा बिजौली समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए नर्सरियों से पौधों का उठान कराया गया। इस दौरान ग्राम सचिव, सेक्टर नोडल अधिकारी एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

क्षेत्रीय वन अधिकारी दिवाकर यादव ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना वन क्षेत्र की नर्सरियों से सभी 83 ग्राम पंचायतों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधे उपलब्ध करा दिए गए हैं। सेक्टरवार नोडल अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिससे प्रत्येक ग्राम पंचायत को आवश्यक संख्या में पौधे समय पर मिल सके।

खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि पौध उठान का कार्य निर्धारित समय पर पूरा कर लिया गया है। वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी स्थलों पर पहले से गड्ढों की खुदाई, स्थान चयन एवं अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पौधों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है, ताकि रविवार सुबह से निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थित रूप से पौधारोपण कराया जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान में ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहुएं, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक, मनरेगा श्रमिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भागीदारी करेंगे।

सहायक लेखा अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में पौध उठान का विवरण अभिलेखों में दर्ज कर लिया गया है। अभियान के दौरान पूरे विकासखंड में लगभग 1 लाख 45 हजार पौधे लगाए जाएंगे। वृक्षारोपण की निगरानी खंड विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम सचिव, सेक्टर प्रभारी एवं नोडल अधिकारियों द्वारा की जाएगी। अभियान में आम, अमरूद, महुआ, शीशम, सागौन, गुलमोहर, पीपल और बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post