पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्डधारक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का शुरु हुआ अभियान
करहां (मऊ) : विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना की ग्राम पंचायत कमालपुर पहाड़पुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एनआरएलएम के तहत पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय राशन कार्डधारक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पंचायत भवन में आयोजित शिविर में महिलाओं का आधार, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर व फोटो लेकर पंजीकरण किया गया और पांच नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण छह अन्य समूहों की आनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिन्हें शनिवार को पूरा किया जाएगा।
सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरुप प्रत्येक पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय कार्डधारक परिवार की महिला को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जा रहा है। इससे महिलाएं बकरी पालन, सूअर पालन, कुटीर उद्योग, किराना दुकान, ब्यूटी पार्लर सहित अन्य स्वरोजगार शुरु कर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी तथा उन्हें बैंक ऋण, प्रशिक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
इस दौरान ग्राम सचिव नियोति राय, ग्राम प्रधान देवंती देवी, एनआरएलएम टीम, समूह सखी उमा देवी, खुशबू भारती, यूनियन बैंक करहां की बैंक सखी शशिकला देवी, सुषमा यादव, कुसुम शर्मा सीआरपी तथा पंचायत सहायक माधुरी चौहान उपस्थित रहीं।




Post a Comment