छिछोर से मऊ तक रोडवेज बस सेवा शुरु, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
करहां (मऊ) : रतनपुरा ब्लाक के ग्राम छिछोर से जिला मुख्यालय मऊ तक रोडवेज बस सेवा का शनिवार को शुभारंभ हो गया। छिछोर चौराहे पर गुड्डू मिश्रा एवं रजनीश बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर नारियल फोड़कर बस को रवाना किया। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं किसान नेता राकेश सिंह ने चालक और परिचालक को माल्यार्पण कर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और बस सेवा शुरु होने पर खुशी व्यक्त की।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा की मांग की जा रही थी। बस संचालन शुरु होने से अब लोगों को जिला मुख्यालय स्थित कचहरी, अस्पताल, बाजार तथा विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही दैनिक जरुरतों के लिए आवागमन भी आसान हो जाएगा। उपस्थित लोगों ने प्रदेश सरकार एवं परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। मिली जानकारी के अनुसार बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे छिछोर से चलकर सेमराजपुर, बिलौझा, मानिकपुर, मऊ कुबेर, हलधरपुर और पहसा होते हुए मऊ रोडवेज बस स्टेशन पहुंचेगी। वहीं शाम 5 बजे मऊ रोडवेज बस स्टेशन से चलकर पुनः छिछोर पहुंचेगी।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह लोहराई, रमेश गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि कुंदन मौर्य, हरिंदर चौहान, ओम प्रकाश सिंह, जोगिंदर सिंह, अरुणेश सिंह, पिंटू मौर्य, श्याम बहादुर चौहान, नागेंद्र सिंह, राणा प्रताप सिंह, रोडवेज विभाग के धीरेंद्र सिंह, रामप्रवेश सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। बस के चालक अवनीश तथा परिचालक अजीत सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।




Post a Comment