मंडलायुक्त ने परिवार सहित किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
करहां (मऊ) : उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद पौधरोपण अभियान के तहत रविवार को विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडलायुक्त विवेक कुमार ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भुजहीं तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के किनारे सैदपुर गांव के समीप पौधरोपण कर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का संदेश दिया। आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त ने अपने पिता एवं पत्नी के साथ पांच पौधे रोपे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में मंडलायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षों का महत्व सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि विकास और आधुनिकता के साथ-साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है। स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद में सभी विभागों के सहयोग से व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त ने संस्थान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और विद्यार्थियों को पौधे वितरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधे तभी सार्थक होंगे जब उनकी नियमित देखभाल की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने भी अपनी माता के नाम एक पौधा रोपकर अभियान में सहभागिता निभाई। वहीं परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र सरोज, डीसी मनरेगा राजीव कुमार, उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।
उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी दिवाकर यादव, प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा, सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत आदित्य कुमार सिंह, प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।








Post a Comment