मानदेय भुगतान में देरी पर आंगनबाड़ी कर्मचारियों में नाराजगी, आंदोलन की दी चेतावनी
करहां (मऊ) : महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश की मुहम्मदाबाद गोहना शाखा की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के मोहल्ला गोलवारा टोला स्थित किताबुन्निशा के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
ब्लाक अध्यक्ष प्रमिला देवी ने बताया कि मई 2024 के एक माह के मानदेय के भुगतान के लिए कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक सभी का भुगतान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि कई सहायिकाओं को भी मई 2024 का एक माह का मानदेय अभी तक नहीं मिला है। वहीं जिन बहनों का वर्ष 2024 में मानदेय रुका था, उन्हें मई और जून 2026 का मानदेय भी अब तक प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि कुछ लोगों को भुगतान मिल चुका है।
जिलाध्यक्ष शैल कुमारी सिंह ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को लेकर 25 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे जिला कार्यक्रम अधिकारी, मऊ के समक्ष बैठक कर समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में महिला आंगनबाड़ी संघ की प्रांतीय उपाध्यक्ष किताबुन्निशा ने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जिले स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने और किसी भी दबाव से न डरने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता प्रमिला देवी ने तथा संचालन ब्लाक मंत्री इशरत जहां ने किया। बैठक में शगुफ्ता खातून, अलका देवी, दुर्गा देवी, गायत्री देवी, गीता देवी, राधिका उर्फ फाखिरा बानो सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
इस संबंध में प्रभारी सीडीपीओ गायत्री सिंह ने कहा कि जानकारी हुई है। चूंकि मानदेय हमारे यहां से बनता नहीं है इसलिए हमने सबसे कहा है कि हमें जिनका नहीं मिला है उनका लिखित आवेदन भेंज दें मैं आगे प्रेषित कर दूंगी।


Post a Comment