राम मंदिर चंदा चोरी मामले में ट्रस्ट के पुनर्गठन की उठी मांग
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के राजर्षि नगर में गुरुवार को आयोजित सुधिजनों की बैठक में अयोध्या स्थित रामजन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित चंदा गड़बड़ी के मामले को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ आर्थिक सहयोग दिया है। ऐसे में यदि मंदिर निर्माण या चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, जिससे लोगों का विश्वास कायम रहे और भविष्य में इस तरह के आरोपों की पुनरावृत्ति न हो। किसान नेता एवं समाजसेवी नागेंद्र सिंह ने कहा कि यदि वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सही पाए जाते हैं तो केवल कुछ पदाधिकारियों को हटाना पर्याप्त नहीं होगा। उन्होंने रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन की मांग करते हुए कहा कि नई समिति का गठन कर पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाना चाहिए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में जनभावनाओं और आस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनियमितता न हो। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं में जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
बैठक में संदीप दास, सुबाशंकर सिंह, सोमवीर यादव, विजयबहादुर, संजय सिंह, अजीत प्रताप, जयप्रकाश यादव सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

Post a Comment