ईको क्लब के जरिए छात्रों को पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय भीरा में जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी द्वारा सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के दौरान 'ईको क्लब्स फार मिशन लाइफ़' के गठन एवं प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया। पर्यवेक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस दौरान शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ बैठक कर जुलाई माह की कार्ययोजना साझा की गई। बताया गया कि जुलाई माह को 'स्वस्थ्य जीवनशैली अपनाना' थीम के रुप में मनाते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास की खाली भूमि पर 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत स्थानीय परिस्थितियों के अनुरुप पौधरोपण कराया जाएगा। रोपित पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपी जाएगी, ताकि उनमें पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके। उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
पर्यवेक्षण के दौरान शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराने तथा प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार को पर्यावरण संरक्षण विषयक स्लोगन, पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरुकता बढ़ाने पर बल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया।
कक्षा आठ के विद्यार्थियों को गणित विषय में परिमेय संख्याओं का अध्यापन कराया गया तथा मेधावी विद्यार्थियों के साथ विशेष ग्रुप सेशन आयोजित किया गया। आईसीटी कक्षा-कक्ष में भी बच्चों को उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजेश कुमार भारती सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे।





Post a Comment