गुरु पूर्णिमा पर करजौली आश्रम में भाजपा नेत्री पूनम सरोज ने टेका मत्था, लिया संतों का आशीर्वाद
करहां (मऊ) : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा नेत्री पूनम सरोज एवं वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डा. उमेश सरोज ने करजौली स्थित संत बाबा सरजू दासजी के पावन आश्रम पहुंचकर उनकी समाधि पर मत्था टेका और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान दोनों ने आश्रम में आयोजित दिव्य सत्संग में सहभागिता कर कथावाचक हरिओम शरणदास महाराज का स्नेहिल आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर पूनम सरोज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और सत्य के मार्ग का प्रदर्शक माना गया है। गुरु का सान्निध्य मनुष्य के जीवन को नई दिशा, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक बल प्रदान करता है। उन्होंने पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में कोटिशः प्रणाम करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए सत्संग का लाभ उठाया। इस अवसर पर श्याम चौबे, गिरीशचंद्र गुप्ता, अंकित सरोज, राधेकांत मद्धेशिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।



Post a Comment