6 ज्योतिर्लिंगों व वैष्णो देवी तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
करहां (मऊ) : बाबा घनश्याम दास कांवरिया संघ करहां के तत्वावधान में बुधवार को 45 सदस्यीय श्रद्धालुओं का जत्था छह ज्योतिर्लिंगों एवं माता वैष्णो देवी की पावन तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ। स्थानीय व्यवसायी एवं यात्रा के संयोजक अनिल उर्फ सुम्मन भारद्वाज के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने गुरुपूर्णिमा के शुभ अवसर पर गुरादरी मठ स्थित पाताल गंगा सरोवर में स्नान किया तथा बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर मत्था टेककर पूजा-अर्चना की। इसके बाद 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ।
अनिल भारद्वाज के अनुसार यात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा धाम, बैजनाथ, बासुकीनाथ, मैहर, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, सोमनाथ, द्वारिकाधीश, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, भेंट द्वारका, पुष्कर, खाटूश्याम, मेहंदीपुर बालाजी, काशी विश्वनाथ सहित छह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात 20 अगस्त से माता वैष्णो देवी की यात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें श्रद्धालु विंध्याचल, अष्टभुजा, मथुरा, कुरुक्षेत्र, स्वर्ण मंदिर, जालियांवाला बाग, वाघा बार्डर, हरिद्वार, ऋषिकेश और अयोध्या के भी दर्शन करेंगे।
यात्रा में प्रमुख रुप से विजय दास, प्रमोद यादव, विधिचंद्र चौहान, राधेश्याम, हरिकेश यादव, दुर्गेश कुमार, आनंद मद्धेशिया, हरिलाल यादव सहित कुल 45 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा स्वजन और क्षेत्रवासियों ने उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ विदा किया।


Post a Comment