रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट का हो पुनर्गठन : किसान नेता नागेंद्र सिंह
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के राजर्षि नगर दरौरा में गुरुवार को आयोजित सुधिजनों की बैठक में अयोध्या स्थित रामजन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित चंदा गड़बड़ी के मामले को लेकर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ सहयोग दिया था। ऐसे में यदि चंदे के उपयोग या निर्माण कार्य में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
किसान नेता एवं समाजसेवी नागेंद्र सिंह ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो केवल कुछ पदाधिकारियों को हटाना पर्याप्त नहीं होगा। उन्होंने रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन की मांग करते हुए कहा कि नई समिति गठित कर पूरी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थाओं में वित्तीय पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास अक्षुण्ण बना रहे और भविष्य में इस प्रकार के आरोपों की पुनरावृत्ति न हो।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार्य नहीं है। सभी ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान संदीप दास, सुबाशंकर सिंह, सोमवीर यादव, विजयबहादुर, संजय सिंह, अजीत प्रताप, जयप्रकाश यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment