Top News

ईको क्लब गतिविधियों से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ईको क्लब गतिविधियों से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय भीरा में आयोजित सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के दौरान विद्यालय में 'ईको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ' की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया गया। जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ बैठक कर पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

बैठक में जुलाई माह की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया गया कि इस माह की थीम 'स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं' रखी गई है। इसके अंतर्गत विद्यालय परिसर एवं आसपास उपलब्ध खाली भूमि पर 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत पौधरोपण कराया जाएगा। लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपी जाएगी, ताकि उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो। बेहतर कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

पर्यवेक्षण के दौरान शिक्षकों से प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को पर्यावरण विषयक स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ विद्यार्थियों को प्राकृतिक स्थलों के शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने की भी अपील की गई। उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और समाज में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। इसके अलावा कक्षा आठ के विद्यार्थियों को गणित में परिमेय संख्याओं का अध्यापन कराया गया, मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष समूह सत्र आयोजित हुआ तथा आईसीटी कक्ष में बच्चों को तकनीक आधारित उपयोगी जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजेश कुमार भारती समेत विद्यालय का समस्त शिक्षकीय स्टाफ मौजूद रहा।




Post a Comment

Previous Post Next Post