रात भर लगे रहे विद्युतकर्मी, भोर में बहाल हुई आपूर्ति

रात भर लगे रहे विद्युतकर्मी, भोर में बहाल हुई आपूर्ति

•जमुई में पेड़ गिरने से 11 हजार व 440 वोल्ट के चार खंभे और तार थे टूटे

•11 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 18 घंटे बाद बहाल हुई टाउन फीडर की आपूर्ति

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र में शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी-पानी से गिरे पेड़ों की वजह से विद्युत तार व खंभे क्षतिग्रस्त होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने में विद्युतकर्मियों को पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जमुई गांव में मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग के किनारे चिलबिल का विशाल पेड़ गिरने से 11 हजार व 440 वोल्ट के चार खंभे और तार टूट गए थे। इससे जमुई-करहां 33/11 विद्युत उपकेंद्र के टाउन फीडर की आपूर्ति ठप हो गई थी।

अन्य फीडरों की आपूर्ति दुरुस्त करने के बाद अवर अभियंता छोटेलाल के निर्देशन में विद्युतकर्मी देर शाम 6 बजे से इस बड़े कार्य में जुट गए। पूरी रात काम करने के बाद करीब 18 घंटे में भोर तीन बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई। सुबह पांच बजे तक संबंधित मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया। इसके बाद विद्युतकर्मी बिना थके उपकेंद्र क्षेत्र के चकजाफरी, नगपुर व शमशाबाद में आंधी-पानी से गिरे तारों को दुरुस्त करने में जुट गए।


रातभर जागकर विद्युत व्यवस्था बहाल करने में जुटे विपिन चतुर्वेदी, कादिर अहमद, शशि यादव, जलाल अहमद, शाहरुख अहमद, सलमान अहमद, आतिफ आदि विद्युतकर्मियों के प्रयासों की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए आपूर्ति बहाल होने पर राहत की सांस ली है। अवर अभियंता छोटेलाल ने बताया कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सभी विद्युत लाइनों को दुरुस्त कर शाम तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post