सेवा संकल्प अभियान में वृद्धाश्रम पहुंचे मंत्री ए.के. शर्मा
काटा केक व 116 वृद्धजनों को बांटे वस्त्र, चादर, चौकी, फल व मिष्ठान, व्यापार मंडल ने सौंपा चार सूत्रीय मांगपत्र
करहां (मऊ) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के जमीन बरामदपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने केक काटते हुए आश्रम में रह रहे 86 पुरुष व 30 महिला समेत कुल 116 वृद्धजनों को बेडशीट, चादर, धोती, चौकी, फल एवं मिष्ठान वितरित किया। मंत्री ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के प्रबंधक लक्षिराम प्रसाद, संचालक कीर्तिमान पंकज ने आभार व्यक्त किया।
इस दौरान युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष अनमोल साहू के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंत्री को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की। मांगपत्र में मऊ जंक्शन से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 15181/82 को प्रतिदिन रात्रिकालीन चलाने, मऊ से वाया आजमगढ़-शाहगंज माता वैष्णो देवी कटरा के लिए नई ट्रेन शुरु करने, मऊ जंक्शन से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए नई ट्रेन चलाने तथा मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत क्षेत्र के सैदपुर स्थित प्राचीन संगतजी मठ के विकास की मांग शामिल रही। व्यापारियों ने बताया कि मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस ट्रेन वर्तमान में सप्ताह में एक दिन संचालित होती है, जबकि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इसके प्रतिदिन संचालन की आवश्यकता है। मंत्री ने मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, भाजपा नेता छोटू प्रसाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन प्रसाद, अबुल फ़ैज़ खां, रामेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री, सीओ जितेंद्र सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित थे।















Post a Comment