Top News

अर्नब चक्रवात ने मौसम किया सुहावना, काले बादलों के साथ रिमझिम बारिश

अर्नब चक्रवात ने मौसम किया सुहावना, काले बादलों के साथ रिमझिम बारिश

करहां (मऊ) : पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित करहां परिक्षेत्र में बुधवार देर शाम से काले बादलों, रिमझिम फुहारों व ठंडी हवाओं के साथ अर्नब चक्रवात ने दस्तक दे दी है। इसकी वजह से मौसम बेहद सुहावना हो गया है और पिछले कुछ दिनों से तीखी धूप व उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। आसमान में छाए काले बादलों और रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।

गुरुवार को भी दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही और रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहने से तापमान में गिरावट महसूस की गई। ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। मौसम के इस बदले मिजाज से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों को भी बारिश से फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि लगातार बारिश होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और खेती-किसानी के कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का मौसम अभी दो दिन और रहने की संभावना है। इस बीच बारिश व हवाएं और तेज हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से सजग व सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही बेवजह बाहर निकलने, पेड़ों, खंभों व पानी वाले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी है। कच्चे व पुराने मकानों, टिनशेड, झोपड़ी आदि में रहने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। पशुओं को भी ज्यादा बाहर न रखने की सलाह दी गयी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post