शैक्षणिक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, शिक्षकों का हुआ प्रशिक्षण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना एवं रानीपुर शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही बीआरसी पर एफएलएन आधारित प्रशिक्षण दिया गया।
प्राथमिक विद्यालय काजीपुर बस्ती में निपुण भारत मिशन के तहत निपुण लक्ष्य ऐप से पांच बच्चों की दक्षता का आकलन किया गया, जिसमें सभी पांचों बच्चे सक्षम पाए गए। सहायक अध्यापक सुनील कुमार चौहान के नेतृत्व में एसआरजी संजय कुमार तिवारी के हाथों बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कंपोजिट विद्यालय लोहाटीकर में सेवा संकल्प अभियान के तहत मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रधानाध्यापक रामसेवक, सहायक अध्यापक हरिकेश समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
इसके अलावा ब्लाक संसाधन केंद्र पर एनसीईआरटी की पुस्तकों एवं एफएलएन आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया गया। सत्र के दौरान संजय कुमार तिवारी ने शिक्षकों के जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों का समाधान करते हुए विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी दी। इसमें अशोक कुमार यादव का विशेष सहयोग रहा।





Post a Comment