युवा भविष्य संवाद सम्मेलन की तैयारी को लेकर सुभासपा ने बनाई रणनीति
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक सभागार में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की विधानसभा स्तरीय बैठक हुई। इसमें 26 सितंबर को चिरैयाकोट स्थित विनायक मैरेज लान में प्रस्तावित युवा भविष्य संवाद सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
प्रदेश अध्यक्ष रितेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सम्मेलन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि फागू सिंह ने कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं और आमजन को कार्यक्रम से जोड़ने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों से जन चौपाल प्रभारी भी बनाए गए, जो लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव जानेंगे। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी संतोष मास्टर, सह प्रभारी सुनील कुमार, सनोज राजभर, जिलाध्यक्ष रमेश राजभर, जयनाथ, शम्भू राजभर, विधानसभा अध्यक्ष मंगल राजभर, श्रम प्रकोष्ठ के अबूबकर खां सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


Post a Comment