महिलाओं को देख अश्लील गाना गाने व फब्तियां कसने पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता ने तहरीर देकर 21 सितंबर की शाम करीब चार बजे इदारतगंज मोड़ के पास महिलाओं व लड़कियों को देख अश्लील गाना गाने व फब्तियां कसने पर एक युवक के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि राहगीरों से सूचना पाकर उक्त स्थान पर पहुंचने पर एक युवक महिलाओं व लड़कियों को देखकर अश्लील भोजपुरी गाना गाते हुए फब्तियां कसता मिला। पूछताछ में उसकी पहचान रोहित सोनकर निवासी धर्मसीपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ, के रुप में हुई। आरोपित ने गलती की माफी मांगी। तहरीर में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
----------------------------पिकअप की टक्कर से पिता की मौत पर पुत्र ने दर्ज कराया केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के सामने 21 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे टाटा इंट्रा पिकअप की टक्कर से रामबचन राम निवासी भुईलीपुर की मौत हो गई। मृतक के पुत्र अजय कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता बाजार से लौट रहे थे, तभी एक टाटा इंट्रा पिकअप के चालक कैफ पता अज्ञात ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। पीड़ित ने चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
----------------------------
फूड कार्नर पर मारपीट में युवक घायल, 3 नामजद समेत 5 पर केस
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कबीराबाद निवासी अभय भारद्वाज ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 20 सितंबर की रात करीब आठ बजे मुहल्ला सैदपुर स्थित फूड कार्नर पर बैठने को लेकर हुए विवाद में दीपक, मल्लू यादव निवासी खड़गिलिया, पंकज यादव निवासी सुरहरपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना व एक अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस केस दर्ज कर जांच-पड़ताल कर रही है।




Post a Comment