लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने का निर्देश
•एएसपी ने मुहम्मदाबाद गोहना सर्किल के थानों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
•दुर्गापूजा व दशहरा के मद्देनजर पुलिस ने किया पैदल गश्त
करहां (मऊ) : पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने मुहम्मदाबाद गोहना सर्किल के थानों की समीक्षा गोष्ठी की। अर्दली रूम में आयोजित बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में भूमि व सांप्रदायिक विवादों, जनशिकायतों, गैंगस्टर के वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी, टॉप-10 व सक्रिय अपराधियों तथा सीएस/एफआर से संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। एएसपी ने प्रत्येक छोटी-बड़ी घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह सहित मुहम्मदाबाद गोहना, चिरैयाकोट व रानीपुर के थाना प्रभारी और विवेचक मौजूद रहे।
आगामी दुर्गापूजा व दशहरा के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की। संवेदनशील व धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित पैदल गश्त करने, दंगा नियंत्रण उपकरणों को तैयार रखने तथा जनता और जनप्रतिनिधियों से बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस बल ने मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।



Post a Comment