सुहवल में बंदरों के हमले से दहशत, घरों से निकलना हुआ मुश्किल
•महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बना रहे निशाना, कई लोग हो चुके हैं घायल
•फसलों को नुकसान, बाजार के दुकानदार भी परेशान
• ग्रामीणों ने बंदरों को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर भेजने की उठाई मांग
करहां (मऊ) : क्षेत्र के सुहवल गांव और बाजार में बंदरों के बढ़ते उत्पात से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बंदरों के झुंड आए दिन लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे बच्चों का स्कूल जाना और महिलाओं व बुजुर्गों का जरूरी काम से घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की मीरा शर्मा समेत कई बच्चों और बुजुर्ग महिलाओं को बंदर काटकर घायल कर चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय बना हुआ है।
बंदरों का उत्पात घरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि खेतों और बाजार में भी इसका असर दिखाई दे रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने से किसान परेशान हैं। वहीं, घरों के बाहर रखे कपड़े और खाद्य सामग्री सुरक्षित रखना भी चुनौती बन गया है। बाजार में दुकानदारों को सामान की निगरानी करनी पड़ती है, क्योंकि बंदरों के सामान उठा ले जाने और हमला करने का डर बना रहता है।
समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान मयंक सिंह के साथ विक्की यादव, शिवम शर्मा, अखिलेश गुप्ता, विकास सिंह और अवनीश यादव ने बंदरों को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था करने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है।


Post a Comment