तमसा नदी में कूदने वाले युवक का 24 घंटे बाद मिला शव
करहां (मऊ) : घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर तमसा नदी में छलांग लगाने वाले 19 वर्षीय आकाश गोंड का शव सोमवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद हुआ। घटनास्थल से सात-आठ किलोमीटर दूर मुहम्मदाबाद गोहना और रानीपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित गोदाम घाट के समीप दोपहर करीब 1:30 बजे शव उतराया मिला। मड़हापट्टी गांव निवासी आकाश रविवार दोपहर करीब दो बजे कस्बे के तमसा नदी पुल से नदी में कूद गया था। इंटरमीडिएट और आईटीआई पास आकाश गांव के पास गुमटी में चाय-पकौड़ी की दुकान चलाता था। स्वजन के अनुसार, घरेलू विवाद में डांट से क्षुब्ध होकर वह घर से निकला था। उसके बड़े भाई विशाल ने पत्नी की मौसी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
घटना की सूचना पर रविवार को कोतवाल के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय नाविकों व गोताखोरों की मदद से तलाश शुरु कराई। सोमवार को भी तलाश जारी रही, जिसके बाद गोदाम घाट के पास उसका शव मिला। कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी तक स्वजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment