ट्रांसफार्मर की खूंटी जलने से एक हफ्ते से ग्रामवासी अंधेरे में
•बिजली-पानी के संकट से जनजीवन प्रभावित
•अंधेरे की वजह से बच्चों की पढ़ाई बाधित
करहां (मऊ) : जहानागंज गोड़सर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के कमालपुर पहाड़पुर गांव में ट्रांसफार्मर की खूंटी जलने से करीब 300 परिवारों की बिजली आपूर्ति एक सप्ताह से ठप है। नवरात्र के दौरान ग्रामीण अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। बिजली से संचालित समर्सिबल बंद होने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। वहीं अंधेरे के कारण बच्चों की पढ़ाई आदि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
इस गांव की बिजली आपूर्ति आजमगढ़ जिले के जहानागंज क्षेत्र स्थित गोड़सर विद्युत उपकेंद्र के परासी फीडर से होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय कर्मचारी खराबी दूर नहीं कर सके हैं। मोबाइल चार्ज करने से लेकर घरेलू कामकाज तक में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। इस संबंध में अवर अभियंता धीरज पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जल्द बिजली व्यवस्था ठीक करा दी जाएगी।


Post a Comment