Top News

त्यौहारों से पहले सड़क दुरुस्त कराने की मांग, रोडवेज परिसर में शौचालय की जरुरत

त्यौहारों से पहले सड़क दुरुस्त कराने की मांग, रोडवेज परिसर में शौचालय की जरुरत

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के व्यापारियों ने बुधवार को बैठक कर क्षेत्र की यातायात और यात्री सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने पूर्वी रेलवे फाटक से करहां मार्ग तक जर्जर हो चुकी सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही अस्थायी रोडवेज पर सार्वजनिक शौचालय बनवाने की मांग की।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि रेलवे फाटक से करहां की ओर जाने वाली सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे आए दिन राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दुर्गा पूजा और दीपावली के मद्देनजर इस मार्ग पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसी रास्ते से दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए तमसा नदी तट तक ले जाया जाता है। ऐसे में त्योहारों से पूर्व सड़क को दुरुस्त कराना आवश्यक है।

बैठक के माध्यम से ईश्वरदयाल सिंह सेठ ने मांग किया कि शहीद चौक के पास अस्थायी रोडवेज पर शौचालय की सुविधा का अभाव भी गंभीर समस्या है। कहा कि यहां रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के साथ महिलाओं और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से यहां सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था शीघ्र कराने की मांग की।

व्यापारियों ने संबंधित विभागों से दोनों समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की अपील की। बैठक में व्यापार मंडल के युवा जिला उपाध्यक्ष अनमोल साहू, मनोज कश्यप, रमेश कुमार मौर्य, सिद्धू कमल चौरसिया, सुधीर कुमार, विनोद गुप्त समेत अन्य व्यापारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post