गुरु पर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के जमीन बरामदपुर स्थित उदासीन ऋषि आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय गुरु पर्व श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। गुरु पर्व के अवसर पर आश्रम में ध्वज पूजन, अरदास, हवन, पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें मऊ-आजमगढ़ समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों और दूसरे राज्यों से आए संत-महात्माओं व श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
आश्रम के महंत सत्यानाम दास महाराज की देखरेख में धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ विधि-विधान से ध्वज पूजन के साथ हुआ। इसके बाद अरदास और हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-शांति एवं लोक कल्याण की कामना की। भगवान श्रीचंद की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम परिसर में आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद छका।
गुरु पर्व में आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, अयोध्या, प्रयागराज और गोरखपुर सहित कई जिलों से संत एवं श्रद्धालु पहुंचे। कोलकाता, दिल्ली और पंजाब सहित अन्य स्थानों से आए गुरमुख श्रद्धालुओं ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। इस दौरान देसी घी से तैयार हलवे का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
तीन दिनों तक आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और वातावरण भक्तिमय रहा। सेवादारों ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं प्रसाद की व्यवस्था संभाली। आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि उदासीन परंपरा में महिला-पुरुष गुरमुख श्रद्धालु गुरुजनों के बताए आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का प्रयास करते हैं। गुरु पर्व सेवा, भक्ति, सदाचार और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए संत-महात्मा, सेवादार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment